Thursday, October 13, 2016

कान के कच्चे बनो पर दोनों कानों के!


     बहुत समय पहले दंतिल नाम का एक व्यापारी था। उसकी राजा से घनिष्ठ मित्रता थी। जब दंतिल की कन्या का विवाह हुआ तो उसमें राजा सहित राज्य के सभी गणमान्य लोगों को आमंत्रित किया गया। राजा अपनी रानी के साथ विवाह स्थल पर पहुँचा। दंतिल ने पूरे सम्मान के साथ उनका स्वागत-सत्कार किया और उन्हें ले जाकर नियत स्थान पर बिठा दिया। राजा के साथ गोरंभ नामक एक मुंहलगा सेवक भी आया था। वह राजा से निकटता के चलते खुद को विशिष्ट अतिथि मान रहा था। वह बिना किसी से पूछे विशिष्ट लोगों के लिए तय जगह पर जाकर बैठ गया। दंतिल की नज़र जब उस पर पड़ी तो वह सकते में आ गया, क्योंकि उसकी इस धृष्टता से अन्य अतिथि नाराज़ हो सकते थे। दंतिल ने उसे समझाया। जब वह नहीं माना तो उसने उसे अपने सेवकों की सहायता से बलपूर्वक वहाँ से उठवा दिया।
     गोरंभ यह अपमान सह नहीं पाया, लेकिन वह कुछ कर भी नहीं सकता था, क्योंकि दंतिल राजा का बहुत ही भरोसेमंद मित्र जो था। वह उससे अपने अपमान का बदला लेने का उपाय सोचने लगा। अगले दिन सुबह वह राजा के शयन कक्ष में झाड़ू लगा रहा था। जब उसे लगा कि राजा अभी उनींदे हैं तो वह बड़बड़ाने लगा कि किसी पर भी अंधविश्वास करना अच्छा नहीं होता। महाराज तो भोले हैं। उन्हें पता ही नहीं कि उन्होने जिस दंतिल पर भरोसा, करके उसे निर्बाध अंतःपुर में आने-जाने की छूट दे रखी है, वही कृतघ्न उनकी रानी के साथ क्या रासलीला रचाता है। इसके आगे कि वह कुछ कहता, राजा हड़बड़ा कर उठ बैठा। वह चिल्लाते हुए बोला-क्या बकता है? जो तू कह रहा है, क्या वह सत्य है? गोरंभ बनावटी चेहरा बनाकर बोला-जी, क्या मैने कुछ कहा। क्षमा चाहूँगा महाराज! कल रातभर मैं जुआ खेलता रहा। अब मुझे नींद के झोंके आ रहे हैं। इसी में कुछ बड़बड़ा रहा होऊँगा। ऐसा कहकर वह तो चला गया, लेकिन राजा के मन में शक का बीज बो गया। राजा सोचने लगा कि सोता आदमी वही बड़बड़ाता है, जो मन में हो। निश्चित ही उसने यह सब देखा होगा, तभी कह रहा है। राजा को उसकी बातों पर इतना विश्वास हो गया कि उसे अपना दोस्त दगाबाज़ लगने लगा। उसने दंतिल से उसका पक्ष जाने बिना ही महल में उसके आने-जाने पर प्रतिबंध लगा दिया।
     दंतिल को जब इस बात का पता चला तो उसे आश्चर्य हुआ। उसे अपने मित्र के बदले हुए व्यवहार का कारण समझ में नहीं आया। उसने सोचा ज़रूर कोई गलतफहमी है, जाकर दूर करना चाहिए। वह राजमहल पहुँचा। वहां द्वारपालों ने उसे रोक दिया। गोरंभ वहीं झाड़ू लगा रहा था। दंतिल को देखकर वह बोला-द्वारपालों यह तुम क्या कर रहे हो। ये राजा के अभिन्न मित्र हैं। ये तो किसी का भी मानमर्दन कर सकते हैं। तुम इन्हें रोको मत। उसकी बात से दंतिल को समझ में आ गया कि वह उससे अपने अपमान का बदला ले रहा है। वह घर पहुँचा और शाम को उसने गोरंभ को बुलाकर पूरे सम्मान के साथ भोजन कराया और अनेक उपहार दिए, साथ ही अपने व्यवहार के लिए खेद प्रकट किया। इससे गोरंभ की सारी नाराज़ी दूर हो गई। वह बोला-श्रेष्ठि! मैं आपको दिखाता हूँ कि मैं क्या कर सकता हूँ। अगले दिन सुबह राजा के कक्ष में झाड़ू लगाते समय वह फिर बड़बड़ाने लगा- हमारा राजा भी कैसा मूर्ख है। शौचालय में ककड़ी खाता है। कोई देख ले तो क्या सोचे। उसकी बात सुनकर राजा तुरंत उठ बैठा। वह चिल्लाया-क्या बकता है! ये सरासर झूठ है। इस पर गोरंभ पहले की तरह बहाना बनाकर चला गया। राजा सोचने लगा कि मैने इस मूर्ख की बे-सिर-पैर की बातों में आकर बेकार ही अपने मित्र पर अविश्वास किया। उसने तुरंत दंतिल को बुलाकर अपने आचरण के लिए दुःख प्रकट किया।
     दोस्तों, इसीलिए कहते हैं कि अपने सच्चे मित्र पर अविश्वास नहीं करना चाहिए, क्योंकि यह दोस्ती के लिए ज़हर की तरह होता है। यदि शक है तो सामने वाले से पूछ लो। हो सकता है वह बेबुनियाद हो। यदि राजा पहले ही दंतिल से पूछ लेता तो बात वहीं खत्म हो जाती। लेकिन वह तो कान का कच्चा था। ऐसा कैसे करता? कान के कच्चे लोग अकसर किसी की भी ऊलजुलूल बात पर विश्वास करके फैसले ले लेते हैं और फिर परेशानी में फँस जाते हैं। बाद में ये बातें बहुधा गलत ही साबित होती हैं, क्योंकि हो सकता है किसी ने आपके कान भरे हों। इसलिए कहा गया है कि व्यक्ति को कान का कच्चा नहीं होना चाहिए। इसका मतलब यह नहीं कि आप कोई बात ही न सुनें। सब सुनें, लेकिन फैसला लेने से पहले सिक्के के दूसरे पहलू को भी तो देख लें। इससे केवल एक पक्ष की बात पर यकीन करके आप गलत निर्णय लेने से बच जाते हैं। यह बात किसी संस्था में निर्णायक पदों पर बैठे लोगों को विशेष रूप से ध्यान रखना चाहिए, क्योंकि कई बार वे इसी कारण से गलत फैसले ले लेते हैं।
     दूसरी ओर यदि आपको कान के कच्चे बने रहने में ही फायदा नज़र आता है तो बने रहो कान के कच्चे, लेकिन दोनों कानों के, एक कान के नहीं। यानी घुमा-फिराकर बात वही कि दोनों कानों से दोनों पक्षों की सुनो, तभी आप सही फैसले ले पाएँगे। एक बात और एक विश्वासपात्र सेवक क्या गुल खिला सकता है, यह तो आपने देख ही लिया। अतः सभी को यथोचित सम्मान दो, चाहे वह मालिक हो या सेवक। तभी कोई भी आपकी प्रगति में बाधक नहीं बनेगा।

No comments:

Post a Comment